बसना - बसना विधानसभा क्षेत्र के सांकरा, पिरदा, बसना, गढफुलझर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा अंतर्गत अधिकांश धान खरीदी केन्द्रों में धान उठाव नहीं होने से समिति प्रभारियों की परेशानी बढ़ी हुई है। इधर 14 नवंबर से लेकर 31 जनवरी तक धान की खरीदी हुई है। धान उठाव नहीं होने से समिति प्रभारी परेशान हैं। खरीदी केन्द्रों में रखे धान में सूखत आ रहा है जिससे धान के वजन में कमी आने की पूरी संभावना है। डी ओ कटने के बावजूद राईस मिलरों के द्वारा धान नहीं उठाने से धान खरीदी केन्द्रों में धान का ढेर लगा हुआ है। धान का उठाव व परिवहन नहीं किया जा रहा है। धान उठाव नहीं होने से समितियों के पास विकराल समस्या खड़ी हो गई है।
उल्लेखनीय है कि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर शाखा पिरदा अंतर्गत सहकारी समिति टांगापासा में 31842.53 क्विंटल, भस्करापाली में 48409.22 क्विंटल, में 12634 क्विंटल, तरेकेला 30659.88 क्विंटल, पथरला में 19801.80 क्विंटल,बरनाईदादर में 24406.88 क्विंटल, बम्हनी में 13000.80क्विंटल , नरसैय्यापल्लम में 12315.60 क्विंटल, जाड़ामुड़ा में 17116.40 क्विंटल, झारमुड़ा में 8534.80क्विंटल, पिरदा में 30070.00 क्विंटल,तिलाईदादर में 5746.00 क्विंटल, जगदीशपुर में 8077.46 क्विंटल,चनाट में 1465.27 क्विंटल,धान खरीदी केन्द्रों में भारी मात्रा में शेष है। पिरदा शाखा अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्रों में कुल 251446.64 क्विंटल धान शेष है जिसका परिवहन नहीं हुआ है। पिरदा शाखा के अंतर्गत भस्करापाली,टांगापासा,तरेकेला, बरनाईदादर खरीदी केन्द्रों में सर्वाधिक धान पड़ा हुआ है लेकिन उठाव को लेकर विभागीय अधिकारी गंभीर नहीं हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार समिति प्रभारियों का कहना है कि 14 नवम्बर से 31जनवरी धान खरीदी का कार्य संपन्न हो चुका है। प्रत्येक साल 01 दिसंबर से धान उठाव प्रारंभ हो जाता था लेकिन इस साल धान उठाव में विलम्ब होने के कारण उपार्जन केन्द्रों में धान जाम पड़ा है। जल्द धान के उठाव नहीं होने की स्थिति मे धान खराब होने की संभावना है। चूहा, कीड़े मकोड़े और दीमक से भारी मात्रा में धान खराब हो सकता है जिसका जिम्मेदार कौन होगा यह एक गंभीर समस्या है।
इस संबंध में जिला विपणन अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई परंतु संपर्क नहीं हो पाया। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक पिरदा शाखा प्रबंधक द्वारा धान उठाव के संबंध में पत्र लिखकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है।