कंटेन्टमेंट जोन, साफ-सफाई, कांजी हाउस का अवलोकन
पारागांव में वृक्षारोपण के लिए चिंहित स्थल का निरीक्षण
सुनील यादवगरियाबंद। कलेक्टर छतर सिंह डेहरे बुधवार शाम गरियाबंद नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत घोषित कंटेन्टमेंट जोन सहित इंगलिश मीडियम स्कूल, कांजी हाउस, साफ-सफाई, आश्रम- छात्रावास का सघन निरीक्षण किया, साथ ही पारागांव स्थित हाउसिंग कालोनी में वृक्षारोपण के लिए चिन्हित स्थल का अवलोकन किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय लंगेह, अपर कलेक्टर जे.आर.चौरसिया, एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर, एसडीएम निर्भय साहू मौजूद थे। कलेक्टर डेहरे ने वार्ड क्रमांक 13 यादवपारा व वार्ड क्रमांक-01 में कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 13 में बैरिकैटिंग को मजबूत बनाने निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने वार रूम व संधारित पंजी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कंटेन्टमेंट जोन प्रवेश द्वार पर अनिवार्य रूप से सेनिटाइजर रखने के निर्देश दिये। बताया गया कि इस क्षेत्र में कर्मचारियों की चैबीसो घंटे ड्यूटी लगाई गई है और आवश्यक कार्य से आने-जाने वालों की जानकरी पंजीबद्ध किया जा रहा है। तत्पश्चात कलेक्टर द्वारा बालक प्राथमिक शाला परिसर में संचालित शासकीय इंगलिश मीडियम स्कूल का अवलोकन किया गया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यहां कुल 8 कमरे है तथा 15 जुलाई तक प्रवेश हेतु तिथि निर्धारित किया गया है। कक्षा पहली से नवमी तक संचालित होने वाली इस स्कूल में प्रत्येक कक्षा के लिए 40 सीट निर्धारित है। कलेक्टर ने कमरों की मरम्मत और बाउन्ड्रीवॉल को ऊंचा बनाने के निर्देश पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को दिये हैं। वहीं मुख्य भवन निर्माण हेतु आरईएस को जिम्मेदारी दी गई है। कलेक्टर द्वारा नगर के अवारा पशुओं के रोकथाम के लिए बनाये गये कांजी हाउस का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने नगर पालिका सीएमओ को पानी की व्यवस्था करते हुए कांजी हाउस में मवेशी रखने के निर्देश दिये, साथ ही कांजी हाउस तक पहुंच मार्ग बनाने प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। अधिकारियों द्वारा सिविल लाईन स्थित पोस्ट मैट्रिक कन्या आदिवासी छात्रावास का अवलोकन भी किया गया। कलेक्टर ने प्रवेश द्वार पर स्थित मकान को डिसमेंटल करने के निर्देश दिये। उन्होंने कार्यालय, बच्चों के कक्ष, रसोई, बाथरूम और हॉल का भी अवलोकन किया। आदिवासी विभाग एवं पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर को समस्त मरम्मत कार्य 31 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिये है। कलेक्टर एवं अधिकारियों द्वारा पारागांव स्थित आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया गया। हाउसिंग बोर्ड एवं लोक निर्माण विभाग को आवास की पूर्णता संबंधी प्रतिवेदन तीन दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। वहीं वृक्षारोपण के लिए चिन्हित जगह का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने ढाई एकड़ क्षेत्र में वृक्षारोपण की तैयारी करने के निर्देश वन विभाग को दिये हैं। साथ ही शासकीय भूमि में किये गये अतिक्रमण और बाउन्ड्रीवाल को भी हटाने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी को दिये गये। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार राकेश साहू, सीएमओ सुश्री संध्या वर्मा, सहायक आयुक्त एल.आर. कुर्रे, उद्यान,पीडब्ल्यूडी, वन,शिक्षा एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।