कोरबा। लॉकडाउन के बीच में कटघोरा क्षेत्र का युवक धुर कोरोना प्रभावित राज्य महाराष्ट्र से शादी कर दुल्हन ले आया। यहां लौटने पर दोनों को जमनीपाली के पेड क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया। उनकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई है। दोनों को कोविड अस्पताल भेज दिया गया है। कटघोरा क्षेत्र में निवासरत एक युवक का विवाह महाराष्ट्र की युवती से तय हुआ था। इस बीच लॉकडाउन के कारण शादी की तिथि टाल दी गई लेकिन जैसे ही लॉकडाउन में ढिलाई मिली युवक अपनी दुल्हनिया को लेने महाराष्ट्र पहुंच गया। जहां शादी कर दुल्हन को वह अपने साथ कटघोरा ले आया। बताया जा रहा है कि 31 मई को वह निजी साधन से महाराष्ट्र से कोरबा लौटा था। प्रशासन ने उन्हें होटल सनसाइन जमनीपाली में पेड क्वारेंटाइन में रखा था। बताया जा रहा है कि दंपत्ति के अतिरिक्त उनके 3 अन्य संबंधितों की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है।
शनिवार को मिले थे 12 कोरोना संक्रमित
शनिवार को भी कोरबा ने सर्वाधिक कोरोना पाजिटिव्ह का रिकार्ड बनाया। देर शाम जारी बुलेटिन में कोरबा में 12 नए कोरोना संक्रमित मिलने की जानकारी दी गई है। शनिवार को सर्वाधिक मरीज कोरबा में मिले हैं। यहां 12 नये पॉजेटिव केस सामने आये हैं। जिले में मिले संक्रमित मरीजों में 5 महिला व 7 पुरुष हैं। इसमें एक दंपती और एक 11 साल का बालक भी है। जो अलग-अलग परिवार से हैं। सभी संक्रमित क्वारेंटाइन सेंटरों में ठहरे थे। जिनमें 5 जमनीपाली सनसाइन क्वारेंटाइन सेंटर, 3 जूनियर क्लब एचटीपीपी, 3 दीपका के जीईटी हॉस्टल क्वारेंटाइन सेंटर व 2 पाली के धौंराभाठा क्वारेंटाइन सेंटर में रखे गए थे। नए मरीजों के मिलने के बाद जिले से अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 195 पहुंच गई है, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है।