बसना - छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले का बसना नगर में जहां पर लगभग 29 करोड़ रूपये की लागत से गौरव पथ का निर्माण कार्य किया गया है, जो लगभग पूर्ण होने के कगार पर है। लेकिन निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही एवं गुणवत्ता हीन, घटिया निर्माण से गौरव पथ में जगह-जगह दरारें पड़ गई है। जिसे मरम्मत किया जा रहा है वह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
बता दें कि सड़क निर्माण स्टीमेट के आधार पर किया जाना था परन्तु इसके विपरीत सड़क निर्माण का कार्य किया गया है। गौरव पथ निर्माण में घोर लापरवाही बरती गई है। सड़क के किनारे लगे बिजली के खंभों को हटाया जाना था लेकिन बिना हटाये नाली का निर्माण कर दिया गया। गौरव पथ में लगे हुए बिजली के पोल को आज तक नहीं हटाया गया है। जिससे हमेशा खतरा बना हुआ है।
* स्टीमेट के विपरित भारी संख्या में बनाया गया डिवाइडर, दुर्घटना को दे रहा दावत
*
गौरतलब है कि आम जनता की बहुप्रतीक्षित मांग थी सड़क निर्माण - मांग तो पूरी हुई लेकिन स्टीमेट को ठेंगा दिखाते ठेकेदार के द्वारा शासन प्रशासन की मिली भगत से हुए घटिया स्तर का निर्माण कार्य किया गया है जिसे मरम्मत कर लीपा-पोती की जा रही है। स्टीमेट से चार, पांच गुना अधिक डिवाइडर का निर्माण किया गया है आखिर क्यों ? भारी संख्या में डिवाइडर होने से हमेशा दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।ठेकेदार एवं नगरीय प्रशासन की घोर लापरवाही का परिणाम आम जनता भुगत रही है। आने जाने वाले राहगीरों के साथ दुर्घटना होने का खतरा निरंतर बना हुआ है। चलते हुए ट्रक के ऊपर बिजली के खंभे का गिरना दुर्घटना को आमंत्रण देना है। नगरीय प्रशासन क्या बड़े दुर्घटना होने का इंतजार कर रही है।अगर दुर्घटना होती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा शासन प्रशासन के अधिकारी या ठेकेदार यह एक गंभीर सवाल है ?
* पूरे प्रदेश में गुणवत्ता हीन निर्माण कार्य को लेकर बसना नगर को दिया जाना चाहिये प्रथम पुरस्कार
पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में गुणवत्ता हीन निर्माण कार्य को लेकर अगर पुरस्कार मिले तो बसना नगर का नाम अव्वल नंबर में रखा जायेगा। बिजली खंभों को हटाकर सुसज्जित किया जाना था वह भी आज पर्यंत तक नहीं हो पाया है। क्षेत्र की जनता को एक आशा रहती है कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा लेकिन विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा चल रहा है।बहरहाल शहर की जनता में निर्माण कार्य को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। घटिया निर्माण कार्य को लेकर जगह जगह, चौक चौराहों पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। बसना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी इस गुणवत्ता हीन सड़क निर्माण को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं आखिर क्यों ? क्या इन्हें दिखाई नहीं दे रहा है -- अगर दिखाई दे रहा है तो कार्रवाई क्यों नहीं --?



