बसना -महासमुंद जिले के थाना बसना अंतर्गत ग्राम इंदरपुर में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को बसना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 24.03.2026 की सुबह ग्राम इंदरपुर (मालीडीह)निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री पुष्पा अजगल्ले, जो जन्म से मूकबधिर थी जिसका शव घर से करीब 150 मीटर दूर रविलाल नाग के खेत में लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला है। मृतका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से प्राणघातक वार किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशानुसार विशेष टीम का गठन किया गया। घटनास्थल पर तत्काल वैज्ञानिक अधिकारी (FSL) और डॉग स्क्वाड को बुलाकर सूक्ष्म निरीक्षण कराया गया और अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस को मृतका के पिता से एक महत्वपूर्ण सुराग मिला। गांव के ही लोकनाथ पटेल (पिता कीर्तन लाल पटेल, उम्र 27 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये थे। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि मृतका गर्भवती थी और वह लोकनाथ पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने संदेही लोकनाथ पटेल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ किया तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।आरोपी लोकनाथ पटेल ने पूछताछ में बताया कि पुष्पा के गर्भवती हो जाने के बाद वह उस पर लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी। लोकनाथ समाज में बदनामी के डर से शादी नहीं करना चाहता था और उसने पुष्पा को रास्ते से हटाने की साजिश रची। दिनांक 23.03.2026 की मध्य रात्रि करीब 12:30 से 01:00 बजे के बीच उसने पुष्पा को बहला-फुसलाकर घर के पीछे खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद लोकनाथ ने पास पड़े एक भारी पत्थर से पुष्पा के सिर को पटक कर चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और घटना के समय पहने हुए खून से सने कपड़े बरामद कर लिये हैं। बहरहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।



