*‘वनवासी’ शब्द पर आदिवासी कांग्रेस ने जताया विरोध, कहा-जंगली कहना स्वीकार नहीं करेंगे
*केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिए गए आदिवासी समाज को वनवासी के बयान पर छत्तीसगढ़ में भी आदिवासी कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।
दंतेवाड़ा,।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा नई दिल्ली में आयोजित ‘जनजातीय संगम कार्यक्रम’ के दौरान आदिवासी समाज को “वनवासी” कहे जाने के विरोध में शुक्रवार को दंतेवाड़ा में आदिवासी कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के आदेशानुसार एवं राष्ट्रीय समन्वयक/छत्तीसगढ़ प्रभारी नरेश राठौर, हराबती गोंड तथा प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव के निर्देश पर जिला आदिवासी कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया।जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष शंकर कुंजाम के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दंतेवाड़ा स्थित राजीव भवन के सामने एकत्र होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शनकारियों ने “हम वनवासी नहीं, आदिवासी हैं”, “आदिवासी समाज का अपमान बंद करो” और “अमित शाह मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष शंकर कुंजाम ने कहा कि आदिवासी समाज को “वनवासी” कहना उनकी पहचान, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों का अपमान है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आदिवासी समाज स्वयं को इस देश का मूल निवासी मानता है और उन्हें “जंगली” या “वनवासी” कहकर संबोधित करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अमित शाह के चित्र को पैरों से कुचलकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इसी बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमा-झटकी की स्थिति भी देखने को मिली। बाद में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।इस दौरान जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता जी, जिला महामंत्री मनीष भट्टाचार्य जी, जिला महामंत्री व प्रवक्ता विमल सलाम जी,जिला सयुक्त महामंत्री जीतेन्द्र कश्यप जी,ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा शोरी जी, आदिवासी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देव सिंह ताती, जोगा कुंजाम,पार्षद एन,नागराज जी, पार्षद राधा नाग जी,मुन्ना तेलाम, तोमर कुंजाम, राकेश मांडवी, जोगेन्द्र मांडवी,पोदीया ताती, अजय मरकाम,पोदीया मुचकी, छोटेलाल कोरम,गणेश दुर्गा,गायेंद्र सिंह मौजूद रहे।



