रोजगार लेने वाले ही नहीं, रोजगार देने वाले भी बनें युवा : प्रकाश सिन्हा 14 वर्षों में 6000 से अधिक युवाओं को रोजगार, क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि - reporterkranti.in

reporterkranti.in

RNI NO CHHHIN/2015/71899

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, July 8, 2026

रोजगार लेने वाले ही नहीं, रोजगार देने वाले भी बनें युवा : प्रकाश सिन्हा 14 वर्षों में 6000 से अधिक युवाओं को रोजगार, क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि

 



रोजगार मेला - 2026 में पहुंचे जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा, युवाओं को दिया सफलता का मंत्र


बसना। बेस्ट कंप्यूटर एजुकेशन द्वारा आयोजित रोजगार मेला (जॉब फेयर 2026) में जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रकाश सिन्हा ने कहा कि अपने आसपास, समाज और परिवार में देखने पर कई ऐसे युवा मिलेंगे, जो पढ़े-लिखे होने के बावजूद घर पर बैठे हैं, जबकि कई कम पढ़े-लिखे लोग अपने हुनर, मेहनत और व्यवसाय के बल पर सफल एवं आत्मनिर्भर हैं। आज आवश्यकता केवल रोजगार खोजने की नहीं, बल्कि रोजगार के प्रति अपनी सोच बदलने की भी है। कई बार युवा रोजगार से अधिक सुविधाजनक नौकरी की तलाश करते हैं, जबकि सफलता के लिए मेहनत, कौशल और अवसरों को पहचानना आवश्यक है।


उन्होंने कहा कि युवाओं को सही प्रशिक्षण, सही अवसर और सबसे बढ़कर सही मार्गदर्शन एवं मार्गदर्शक की आवश्यकता है। बेस्ट कंप्यूटर एजुकेशन क्षेत्र के युवाओं के लिए इसी मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहा है। संस्था द्वारा पिछले 14 वर्षों में 6000 से अधिक युवाओं को विभिन्न संस्थानों एवं कंपनियों में रोजगार दिलाने का कार्य किया गया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।


प्रकाश सिन्हा ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बनना चाहिए। केंद्र एवं राज्य सरकार की अनेक योजनाओं के माध्यम से युवा स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्रता एवं प्रावधानों के अनुसार ऋण, प्रशिक्षण, सब्सिडी एवं अन्य वित्तीय सहायता प्राप्त कर युवा अपना व्यवसाय एवं उद्यम शुरू कर सकते हैं।


उन्होंने युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा, “शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में मेरे योग्य कोई भी कार्य हो तो युवा मुझे अपना भाई और मित्र समझकर कभी भी संपर्क कर सकते हैं। युवाओं के भविष्य से जुड़े प्रत्येक सकारात्मक प्रयास में मैं सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहूँगा।”


प्रकाश सिन्हा ने बेस्ट कंप्यूटर एजुकेशन द्वारा रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और विभिन्न कंपनियों को एक मंच पर लाने की पहल की सराहना करते हुए संस्था के संस्थापक एवं पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।


इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी नवीन साव, पत्रकार कल्याण महासंघ बसना के ब्लॉक अध्यक्ष देशराज दास, वरिष्ठ पत्रकार शुकदेव वैष्णव, बेस्ट कंप्यूटर एजुकेशन के संस्थापक बसंत अग्रवाल, डायरेक्टर नितेश प्रधान, डायरेक्टर नीलाम्बर डड़सेना, राकेश बारीक सहित बड़ी संख्या में युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post Bottom Ad

ad inner footer