नई दिल्ली. ये बेहद बुरी खबर है कि भारत कोरोना से दुनिया का चौथा सबसे संक्रमित देश बन गया है। अब तक इस लिस्ट में भारत छठे नंबर पर था। पिछले कुछ दिनों में अपने यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी आई है। यही कारण है कि एक दिन के अंदर दो देश स्पेन और यूके पीछे छूट गए और भारत कोरोना संक्रमण के मामले में उनसे आगे निकल गया। बुधवार तक यूके चौथे और स्पेन पांचवें नंबर पर था। भारत से आगे अब सिर्फ तीन देश बचे हैं- अमेरिका, रूस और ब्राजील। अगर अपने यहां कोरोना मामले बढ़ने की यही रफ्तार बनी रही तो 25 से 30 अगस्त के बीच भारत दुनिया में दूसरा सबसे ज्यादा संक्रमित देश बन जाएगा। हालांकि, तब तक ब्राजील में इससे भी ज्यादा खराब हालत होगी। ब्राजील में मामले मौजूदा रफ्तार से ही आगे बढ़ते रहे तो वह 25 जुलाई तक अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए कोरोना प्रभावित देशों की लिस्ट में पहले नंबर पर पहुंच जाएगा।
देश में 4.30% की ग्रोथ रेट से संक्रमित बढ़ रहे
कोरोना से प्रभावित टॉप-6 देशों में भारत का ग्रोथ रेट सबसे ज्यादा है। यहां संक्रमितों की संख्या 4.30% की दर से बढ़ रही है। ब्राजील दूसरे नंबर पर है, जहां 4.26% की ग्रोथ रेट है। ये आंकड़े हऌड यानी, विश्व स्वास्थ्य संगठन के हैं। सबसे कम ग्रोथ रेट स्पेन का है। यहां संक्रमितों की संख्या 0.10% की दर से बढ़ रही है।
14 अगस्त तक ब्राजील में संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ के पार हो सकता है
डबलिंग रेट के मामले में ब्राजील सबसे ऊपर है। यहां 16 दिनों में ही संक्रमितों की संख्या दोगुनी हो रही है। अगर इसी रफ्तार से संक्रमितों की संख्या बढ़ती रही तो अगले 64 दिन यानी 14 अगस्त तक यहां एक करोड़ से ज्यादा संक्रमित हो जाएंगे। भारत का डबलिंग रेट 17 दिन का है। मतलब यहां संक्रमितों की संख्या 17 दिनों में दोगुनी हो रही है। अगर यही रफ्तार रही तो 102 दिन यानी 21 सितंबर तक भारत में संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ के पार हो जाएगा। सबसे कम डबलिंग रेट स्पेन का है। यहां एक करोड़ का आंकड़ा छूने में 408 दिन लगेंगे।