बसना -धान उत्पादन में देशभर में पहचान रखने वाले धान का कटोरा छत्तीसगढ़ में इस वर्ष अब तक धान खरीदी शुरू नहीं होने से किसानों में भारी आक्रोश है। खेतों में कटे धान की बोरियां घरों और खलिहानों में अटकी पड़ी हुई है।वहीं मौसम बिगड़ने का डर किसानों को और चिंतित कर रहा है।
इसी मुद्दे पर कांग्रेस के युवा नेता, बसना विधानसभा के सक्रिय जन-प्रतिनिधि एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा है कि
“किसान त्रस्त हैं और सरकार मस्त है ,समय पर धान खरीदी प्रारंभ न कर सरकार किसानों के साथ नाइंसाफी कर रही है। छत्तीसगढ़ ‘धान का कटोरा’ कहलाता है, लेकिन आज यहां के किसान अपने फसल बेचने के इंतजार में परेशान हैं।”
मोक्ष कुमार प्रधान ने आगे कहा कि धान खरीदी में अनावश्यक देरी से किसानों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ रहा है। खेती-किसानी से जीवन यापन करने वाली ग्रामीण जनता को हर दिन नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि तत्काल धान खरीदी प्रारंभ कर किसानों को राहत प्रदान करें ताकि मेहनतकश किसान समय पर अपने फसल बेचकर आगे की कृषि कार्यवाही कर सकें।



